
जसपुरा में बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की खुराक
जसपुरा।बाँदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा के अधीक्षक डॉ. दीपक यादव के निर्देशानुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 10 फरवरी 2025, दिन सोमवार, को एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1 वर्ष से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल टैबलेट दी जाएगी। 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (200 mg) पीसकर पानी में मिलाकर दी जाएगी। 2 से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली (400 mg) पीसकर पानी में मिलाकर खिलाई जाएगी। 3 से 18 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली (400 mg) चबाकर खानी होगी। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।
1 से 3 वर्ष तक के छोटे बच्चों को आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दवा दी जाएगी। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना जरूरी,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर अवस्थी ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के पोषण स्तर को प्रभावित करता है और उनकी शारीरिक एवं मानसिक वृद्धि में बाधा डालता है। इससे बचाव के लिए यह दवा बेहद जरूरी है। सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की दवा जरूर दिलवाएं।





