महुली में खराब पड़े हैंडपंपों से पेयजल संकट, बरसात में बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
एक माह से बंद हैंडपंपों की नहीं हुई मरम्मत, दीपक कुमार के घर के पास लगा हैंडपंप भी खराब
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में कई स्थानों पर हैंडपंप खराब पड़े होने से ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। बरसात के इस मौसम में खराब हैंडपंपों के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक माह से बंद पड़े हैंडपंपों की अब तक मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि दीपक कुमार के घर के पास लगा हैंडपंप भी काफी समय से खराब पड़ा है। आसपास के लोगों को पेयजल के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। बरसात के दौरान आवागमन में भी परेशानी होने के कारण दूर से पानी लाना ग्रामीणों के लिए और मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में ग्राम प्रधान द्वारा खराब हैंडपंपों की मरम्मत करा दी जाती थी, लेकिन ग्राम पंचायत का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासक व्यवस्था लागू है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में खराब हैंडपंपों की समय से मरम्मत नहीं हो पा रही है, जिसके चलते पेयजल समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए महुली गांव में खराब पड़े सभी हैंडपंपों का तत्काल निरीक्षण कराकर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
इस दौरान ओमप्रकाश पुरी, दीपक कुमार, सत्यम कुमार, सुनील कुमार, योगेंद्र, सुनैना देवी, रेखा देवी, नगिना देवी, उर्मिला देवी, सीता देवी, संजय कुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द ही खराब हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।














