खेत में धान रोपाई के दौरान दर्दनाक हादसा, बंधी में डूबने से 5 वर्षीय मासूम की मौत
माता-पिता के साथ खेत गई थी पार्वती, खेलते-खेलते आंखों से हुई ओझल; बुधवार सुबह पानी में मिला शव
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। धान की रोपाई के दौरान माता-पिता के साथ खेत गई पांच वर्षीय मासूम बच्ची की खेत के पास स्थित बंधी में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है, जबकि बच्ची का शव बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान बंधी से बरामद हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौडीहा गांव निवासी रामदास अपनी पत्नी के साथ धान की रोपाई करने खेत गए थे। उनके साथ उनकी पांच वर्षीय पुत्री पार्वती भी खेत पर मौजूद थी। खेत में काम के दौरान माता-पिता कृषि कार्य में व्यस्त थे, जबकि खेत से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित बंधी के आसपास खेलते-खेलते पार्वती परिजनों की नजरों से ओझल हो गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
रातभर परिजन और ग्रामीण बच्ची की खोजबीन में जुटे रहे। बुधवार सुबह दोबारा तलाश के दौरान जब परिजन बंधी के पास पहुंचे तो पार्वती का शव पानी में उतराता मिला। परिजन तत्काल उसे बाहर निकालकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।
मृतका के पिता रामदास ने बताया कि उनके परिवार में छह बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और तीन पुत्रियां शामिल हैं। पार्वती तीसरे नंबर की संतान तथा पुत्रियों में दूसरी थी। मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दर्दनाक घटना से पूरे नौडीहा गांव में शोक की लहर व्याप्त है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।













