मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, सर्राफा व्यापारी से लूटे गए ₹62.22 लाख के आभूषण बरामद
बभनी के चर्चित शीशटोला लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; अवैध तमंचा, बाइक और पूरा लूट का माल बरामद, एक आरोपी अब भी फरार
सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई बहुचर्चित लूटकांड का सोनभद्र पुलिस ने सोमवार तड़के खुलासा कर दिया। थाना बभनी पुलिस, एसओजी, थाना दुद्धी एवं थाना म्योरपुर की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान ₹25 हजार के इनामी वांछित बदमाश पंकज साह को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ₹62,22,500 मूल्य के सोने-चांदी के लूटे गए आभूषण, सर्राफा व्यापारी का बैग, अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, नकदी तथा अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से लगभग दो सप्ताह पहले हुई सनसनीखेज लूट का सफल खुलासा हो गया, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में गठित संयुक्त टीम को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 की शाम रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार को शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया था। बदमाशों ने चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषणों एवं करीब ₹40 हजार नकदी से भरा बैग लूट लिया और जंगल की ओर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि दो अन्य आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सोमवार तड़के करीब 2:22 बजे मुखबिर की सूचना पर अरझट पुलिया के पास संयुक्त पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। बारिश के कारण बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों झाड़ियों में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी संजय साकेत अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर कई दिनों तक सर्राफा व्यापारी की रेकी की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद लूटे गए आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया था, जबकि नकदी चारों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से पूरा बैग बरामद कर लिया, जिसकी पहचान मौके पर ही व्यापारी ने कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 225 ग्राम सोने के आभूषण, 12.500 किलोग्राम चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाता-बही, बिल पर्चियां, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सोनारी कैंची, प्लास, ₹1500 नकद, एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस तथा टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सम्पूर्ण माल की अनुमानित कीमत ₹62,22,500 आंकी गई है। पुलिस के अनुसार यह जनपद में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी आभूषण बरामदगी में शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी पंकज साह के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित था।
इस सफल अभियान में थाना बभनी के प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सरोज, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नागेश कुमार सिंह, थाना दुद्धी के प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, थाना म्योरपुर के थानााध्यक्ष संतोष कुमार सिंह सहित एसओजी, बभनी, दुद्धी एवं म्योरपुर पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से बच निकलने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस इसी प्रकार कठोर और प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।















