आगामी चुनाव की रणनीति पर सपा ने किया मंथन
बैठक में नीरेंद्र सिंह गोंड की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन मजबूत करने पर जोर, जनेश्वर मिश्र की जयंती भी मनाई गई
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_कस्बा स्थित डीसीएफ कॉलोनी के गोंडवाना भवन में बुधवार को समाजवादी पार्टी की माह की पहली संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों एवं विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक में संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय जनसमस्याओं के समाधान, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा आगामी विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन करते हुए समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए नीरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है तथा वितरण व्यवस्था में अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन मिलेगा।
बैठक में विनोद सिंह गोंड, जगदीश प्रसाद यादव, कल्याण खान, नागेंद्र यादव, हरिशंकर यादव, अजय यादव, गौस मोहम्मद खान, राजकुमार, रामलाल, अनवर अली, प्रेमसागर पांडे, गोविंदा विश्वकर्मा, कौशल्या देवी, आशा रावत, सोना बेगम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















