A2Z सभी खबर सभी जिले की


लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने फिल्म अभिनेता आलोक नाथ, श्रेयस तलपड़े व लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट सोसाइटी (एलयूसीसी) कंपनी के संचालक समेत सात के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर कोर्ट के आदेश पर दर्ज की है। एलयूसीसी कंपनी के संचालक ने अभिनेताओं से प्रचार कराकर 45 लोगों से 9.12 करोड़ रुपये निवेश के नाम पर हड़प लिए।
अलीगंज के त्रिवेणी नगर निवासी अनीस अहमद ने बताया कि काफी साल पहले उनकी मुलाकात एलयूसीसी कंपनी के संचालक बाराबंकी के जमूहरिया निवासी डॉ. उत्तम सिंह राजपूत से हुई थी। कंपनी से बाराबंकी के फतेहपुर निवासी संजय, शबाब हुसैन, सागा ग्रुप के समीर अग्रवाल और आरके शेट्टी जुड़े हैं। उत्तम ने निवेश पर छह माह में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया था। अनीस व अन्य 44 लोगों ने करीब 9.12 करोड़ निवेश किए थे। समय बीतने पर जब पीड़ित गोमतीनगर विस्तार स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचे तो बंद मिला।
बीकेटी, मोहनलालगंज और निगोहां थाने में भी की गई थी शिकायत

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ को अनीस ने बताया कि कंपनी बीकेटी, मोहनलालगंज, निगोहां व अन्य ग्रामीणों इलाकों में अपनी शाखाएं खोलती है। फिर मुनाफे का लालच देकर लोगों को अपना निवेशक बनाती है। कुछ माह तक मुनाफा देकर पीड़ितों को एजेंट बना लेती है। खासकर दुकानदार आसानी से शिकार बन जाते हैं। बीकेटी, मोहनलालगंज व निगोहां में पीड़ितों ने थानों में शिकायत की थी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
भरोसा जीतने के लिया अभिनेताओं का सहारा
कंपनी के संचालक डॉ. उत्तम व उसके साथियों ने लोगों को झांसे में लेने के लिए अभिनेताओं का सहारा लिया था। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी के अनुसार फिल्म अभिनेता आलोक नाथ, श्रेयस तलपड़े, डॉ. उत्तम सिंह राजपूत, संजीव वर्मा, सागा ग्रुप के मालिक समीर अग्रवाल, शबाब हुसैन व आरके शेट्टी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अब तक छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
बाराबंकी पुलिस एलयूसीसी कंपनी के निदेशक दिनेश सिंह उर्फ डीके, उप डिस्ट्रिक्ट हेड संजीव कुमार वर्मा, मैनेजर स्वामी दयाल मिश्रा, रामशरण वर्मा, मनोज कुमार मौर्या व एजेंट रामनरेश वर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं उत्तम सिंह व उसकी पत्नी माया भागे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कंपनी का मुख्य संचालक समीर अग्रवाल दुबई में छिपा हुआ है। कंपनी के खिलाफ बाराबंकी में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। ललितपुर व अन्य राज्यों में भी कई केस दर्ज हैं।

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live Tv News Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!