बिहारदरभंगा

2025 चुनाव से पहले बीएलओ को नई जिम्मेदारी

दरभंगा में बीएलओ व निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने पर दिया गया विशेष जोर।

प्रेक्षागृह दरभंगा में शुक्रवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ (मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी) एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों का प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन एवं एनएलएमटी ऑब्जर्वर संजय कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्वलन कर किया।

इस विशेष प्रशिक्षण में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले के कुल 30 विधानसभा क्षेत्रों से आए 210 बीएलओ और 2 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शत-प्रतिशत मतदाता भागीदारी के साथ संपन्न कराना है।

राजीव रौशन ने कहा,

“मतदाता सूची चुनाव की रीढ़ होती है। सभी बीएलओ की यह जिम्मेदारी है कि सूची में केवल योग्य मतदाता ही दर्ज हों और अयोग्य या मृत मतदाताओं को समय पर हटाया जाए।”

उन्होंने 18 से 19 वर्ष के युवाओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा कि बिहार की जनता मतदान के प्रति जागरूक है और यह प्रदेश लोकतंत्र की जननी के रूप में जाना जाता है।

कार्यक्रम में ईवीएम प्रशिक्षण और उसकी कार्यप्रणाली पर भी विशेष जानकारी दी गई। संजय कुमार मिश्रा ने ईवीएम की पारदर्शिता और उपयोगिता को लेकर बीएलओ को निर्देशित किया कि वे मतदान प्रक्रिया के हर पहलू को भली-भांति समझें और उसे मतदाताओं को भी स्पष्ट रूप से समझाएं।

प्रशिक्षण का संचालन उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार ने किया। इस अवसर पर आयुक्त के सचिव सत्येंद्र कुमार, अपर समाहर्ता अनिल कुमार, जिला भू अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद एवं अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और अधिक भागीदारी भरा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

[yop_poll id="10"]
Show More

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!