
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। देह व्यापार का भंडाफोड़: गेस्ट हाउस में पुलिस का छापा…मच गई अफरातफरी, महिला समेत दो पकड़े।।
08 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
आगरा के एकता थाना के धांधूपुरा क्षेत्र के नगला डीम स्थित द ताज पेइंग गेस्ट हाउस में देह व्यापार की सूचना पर एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारकर एक युवती और किशोरी को मुक्त कराया है। गेस्ट हाउस संचालक और रैकेट चला रही संचालिका को गिरफ्तार किया गया है। मौके से आपत्तिजनक सामान मिला है।
एसीपी सुकन्या शर्मा ने बताया कि प्रयागराज के एनजीओ फ्रीडम फर्म ने धांधुपुरा में द ताज पेइंग गेस्ट हाउस में देह व्यापार की सूचना दी थी। शुक्रवार को रेकी के बाद शनिवार को दो सिपाहियों को ग्राहक बनाकर भेजा गया। तीन हजार रुपये लेकर महिला ने एक नाबालिग और युवती को दिखाया। नोट पहले ही चिन्हित कर लिए थे। इस बीच पुलिस ने छापा मारा, जिसमें काउंटर पर गेस्ट हाउस संचालक अनिल कुमार मिला।
रैकेट संचालिका के भागने पर उसे पकड़ लिया गया। महिला रकाबगंज क्षेत्र की निवासी निकली। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अनिल पहले बेरोजगार था। उसने तीन माह पहले तीस हजार रुपये माह पर छह कमरों का गेस्ट हाउस किराए पर लिया। प्रेमी जोड़ों को बिना आईडी के घंटों के हिसाब से कमरे देना शुरू किया। रैकेट संचालिका से उसका पहले से परिचय था।
अधिक मुनाफा कमाने के लिए महिला से गरीब और बेरोजगार लड़कियों को रुपयों का लालच देकर देह व्यापार के लिए तैयार करने को कहा। अनिल ग्राहकों को युवतियां दिखाता था। पसंद आने पर कमरे में भेज देता था। कमरों की तलाशी में पुलिस को काफी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और शराब की खाली बोतलें मिली हैं।
🔥 एक हजार रुपये के लालच में आई किशोरी—
गेस्टहाउस में मिली किशोरी की उम्र 16 वर्ष है। एक हजार रुपये देने का लालच देकर उसे महिला लाई थी। मुक्त कराई दूसरी युवती जगदीशपुरा क्षेत्र की रहने वाली है। पूछताछ में उसने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह यह काम कर रही थी। काम छोड़ना चाहा तो संचालिका ने धमकी देकर मजबूर कर दिया। गिरफ्तार किए गए अनिल और महिला के खिलाफ देह व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। छापेमारी के दौरान एनजीओ की टीम भी पुलिस के साथ थी।













