बिहारदरभंगा

दरभंगा के किसानों के लिए जरूरी खबर, जानें फार्मर रजिस्ट्री

दरभंगा में फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित, किसानों को कृषि योजनाओं का लाभ ससमय देने पर जोर।

दरभंगा में फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

दरभंगा, 16 दिसंबर 2025:
नेशनल ई-गवर्नेंस प्लान (कृषि) के अंतर्गत कृषि उन्नति योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को दरभंगा के प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता राजस्व, दरभंगा श्री मनोज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री सिद्धार्थ सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करना है, ताकि जिले के सभी पात्र किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

जिला कृषि पदाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने के बाद किसान पीएम किसान निधि के साथ-साथ विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदानों और बैंकिंग लाभों को भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों के पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई, जिसमें आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, एलपीसी, भूमि से संबंधित दस्तावेज जैसे जमाबंदी एवं रसीद शामिल हैं। कृषि विभाग के कर्मियों द्वारा किसानों का ई-केवाईसी किया जाएगा। यह भी बताया गया कि फार्मर आईडी निर्माण के लिए राजस्व ग्रामवार विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा।

अपर समाहर्ता राजस्व ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गंभीरता और समन्वय के साथ सफल बनाएं तथा किसानों को इसके महत्व के प्रति जागरूक करें। संयुक्त निदेशक शस्य दरभंगा प्रमंडल श्री संजय नाथ तिवारी ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में उप निदेशक जनसंपर्क, उपनिदेशक उद्यान, अंचलाधिकारी, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

[yop_poll id="10"]
Show More

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!