दरभंगाबिहार

पोलियो पर वार: दरभंगा में 5 दिन का बड़ा अभियान

दरभंगा में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 16 से 20 दिसंबर तक चलेगा अभियान। जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य।

दरभंगा में पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ, 16 से 20 दिसंबर तक चलेगा अभियान

दरभंगा, 16 दिसंबर 2025।
जिले में पल्स पोलियो अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम का मंगलवार को औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा ने सीएचसी बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 16 से 20 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसके बाद एक अतिरिक्त दिन छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देने के लिए विशेष रूप से निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने आमजनों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने-अपने क्षेत्र के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि हाट-बाजार, खाना बदोश बस्तियों और ईंट-भट्ठों पर दो बार भ्रमण कर बच्चों को चिह्नित किया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।

डीआईओ ने बताया कि पल्स पोलियो चक्र के तहत जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में कुल 1742 घर-घर टीम, 159 ट्रांजिट टीम, 74 एक सदस्यीय ट्रांजिट टीम, 52 मोबाइल टीम और 638 सुपरवाइजर को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 135 सब-डिपो बनाए गए हैं, जहां से टीकाकर्मी वैक्सीन और आइस पैक का उठाव एवं वापसी करेंगे।

अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक के कुल 7 लाख 797 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा सघन अनुश्रवण और पर्यवेक्षण किया जाएगा। प्रत्येक कार्य दिवस के अंत में संध्याकालीन बैठक कर प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

कार्यक्रम में डीपीएम प्रभात राजू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक मंज़र, एसएमओ डॉ. शेखावत, यूनिसेफ के एसएमसी ओंकार चंद एवं शहाबुद्दीन, पंकज झा, संजय चौहान, बीएचएम रेवती रमन, बीसीएम मनोज, एएनएम, आशा कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!