
अटल बिहारी वाजपेयी का श्रद्धांजलि गीत हुआ रिलीज।
इसे प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ.राही ने स्वयं लिखा और गाया है।
नरवाना, 18 जनवरी, देश के 10वें प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को संजो कर लिखे गए श्रद्धांजलि गीत को श्री राधेश्याम गौशाला नरवाणा के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने अपने कर कमलों से रिलीज किया। अटल जी के शताब्दी समारोह वर्ष पर नरवाना उपमण्डल के गांव बेलरखा के प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ.जगदीप शर्मा राही ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन चरित को एक श्रद्धांजलि गीत के रूप में लिखा है जिसे उन्होंने गाया भी स्वयं ही है। इस गीत का संगीत प्रवीण कुमार धीमान ने तैयार किया तथा वासु स्टुडियो कैथल में इसे तैयार किया गया है। शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. राही ने बताया कि यह गीत अटल जी के जीवन की बहुमूल्य स्मृतियों को संजोए हुए है जिसे सुनकर और देखकर प्रत्येक भारतीय को गौरव और गर्व की अनुभूति होगी। डॉ.राही ने बताया कि इस गीत को सत्यमेव जयते फाउंडेशन के चेयरमैन राजेश गोयल ने प्रोड्यूस किया है जो समय-समय पर विभिन्न प्रकार के सामाजिक कार्यों में अपना सहयोग प्रदान करते हैं। डॉ.राही ने गीत रिलीज करने में सहयोग स्थापित करने के लिए प्रबंधन कमेटी श्री राधे श्याम गौशाला, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और राजेश गोयल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समस्त देशवासियों से इस गीत को सुनने की प्रार्थना की। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, गौशाला एवं मंडी प्रधान ईश्वर गोयल, मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, रिछपाल शर्मा, तेजपाल शर्मा, संदीप शर्मा साहिल, महाशय राजेन्द्र पाल गुप्ता सहित शहर के गणमान्य एवं प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस वर्ष को अटल जी के शताब्दी समारोह वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है तथा अवसर की अनुकूलता को ध्यान में रखते हुए ही डा0 राही ने यह रचनात्मक कार्य किया है ।







