
सोनभद्र _(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र के दुद्धी ब्लाक के महुली खेल मैदान पर ऐतिहासिक 78 वा श्री राजा बरियार शाह फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन अजय कुमार रजक (परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार) ने किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ने राजा बरियार क्लब का झंडा फहराया, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फीता काटकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया।
अपने उद्बोधन में श्री रजक ने कहा कि महुली क्षेत्र के लोगों में खेल के प्रति गहरी रुचि है, जिसकी मिसाल उद्घाटन समारोह में उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ है। खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। विलुप्त होती जा रही इस खेल परंपरा को जीवित रखकर राजा बरियार शाह कमेटी ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने वर्ष 1944 से महुली की धरती पर जिस खेल परंपरा की शुरुआत की थी, उसे किसी भी सूरत में समाप्त नहीं होने दिया जा सकता, बल्कि उसे सहेजकर आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। इसलिए इस फुटबॉल टूर्नामेंट को भी खेलो इंडिया से जोड़ने की दिशा में प्रयास होना चाहिए। बच्चे खेलेंगे तभी स्वस्थ रहेंगे और स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह टूर्नामेंट नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश स्तर पर महुली की खेल परंपरा को उचित सम्मान मिलेगा।
आरबीएस फुटबॉल कमेटी के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने आए हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि संजय सिंह धुर्वे ने कहा कि खेल के प्रति लगाव इस गांव की मिट्टी में रचा-बसा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद कमेटी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ऐसे भव्य आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराती है। उन्होंने कमेटी को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उद्घाटन मैच का रोमांचक मुकाबला
उद्घाटन मैच वाराणसी टाइगर्स कमेटी सारनाथ और विंध्याचल सोसायटी क्लब सिंगरौली के बीच खेला गया। इस मुकाबले में विंध्याचल सोसायटी सिंगरौली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–1 से जीत दर्ज की। सिंगरौली की ओर से 16 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने दो गोल किए, जबकि 2 नंबर जर्सी के खिलाड़ी अविनाश ने एक गोल दागा। सारनाथ की ओर से 4 नंबर जर्सी के खिलाड़ी राज ने एकमात्र गोल किया। इस प्रकार सिंगरौली ने सारनाथ को दो गोल के अंतर से पराजित किया।
वहीं दूसरा मुकाबला पतरातू (झारखंड) और मिर्जापुर के बीच खेला गया, जिसमें मिर्जापुर की टीम ने दो गोल से जीत हासिल की।
मैच के निर्णायक रेफरी दीपक कुमार रहे, जबकि सहायक निर्णायक की भूमिका राजनाथ गोस्वामी और राज कपूर ने निभाई।
मंच के कुशल संचालन राकेश कुमार कन्नौजिया प्रधानाचार्य आदर्श इंटरमीडिएट कालेज महुली ने किया।
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कनौजिया, अमित कुमार कन्नौजिया, अमरेश कुमार कन्नौजिया, खेल प्रभारी दिलीप कुमार कन्नौजिया, कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार कन्नौजिया, रमीज आलम, ग्राम प्रधान मल्देवा निरंजन जायसवाल, सुरेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, कलामुद्दीन सिद्दीकी, मंडल महामंत्री पंकज गोस्वामी, मनोज कन्नौजिया, अमानुल्लाह, पंकज कन्नौजिया, कमलेश विश्वकर्मा, संजय कन्नौजिया, विवेक कन्नौजिया, विकास कन्नौजिया, बुंदेल चौबे, राम नरेश पठारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के भव्य आगाज से पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव का माहौल बना हुआ है।












