योगी सरकार का बड़ा फैसला: माध्यमिक शिक्षकों की ग्रेच्युटी सीमा 25 लाख रुपए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए करने पर सहमति दे दी है। अब एडेड और परिषदीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारी भी राज्यकर्मियों के समान 25 लाख रुपए तक ग्रेच्युटी पाने के पात्र होंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा 25 लाख रुपए कर दी थी। तभी से माध्यमिक शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा भी समान लाभ की मांग की जा रही थी। करीब एक वर्ष से लंबित इस मांग पर अब सरकार ने सकारात्मक कदम उठाया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर पिछले सप्ताह वित्त विभाग को भेज दिया है। वित्त विभाग की औपचारिक मंजूरी के बाद शासनादेश जारी होने की संभावना है। आदेश जारी होते ही नई सीमा प्रभावी हो जाएगी।
प्रदेश में एडेड और परिषदीय माध्यमिक विद्यालयों में ढाई लाख से अधिक शिक्षक और कर्मचारी कार्यरत हैं। ग्रेच्युटी सीमा बढ़ने से सेवानिवृत्ति के समय उन्हें सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय को शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है।