A2Z सभी खबर सभी जिले कीगढ़वागुमलाजमशेदपुरझारखंडधनबादबोकारोरांचीरामगढ़सरायकेला

दुमका में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, मार्च 2026 तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त : उपायुक्त

दुमका में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, मार्च 2026 तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त : उपायुक्त

दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया गया, जिसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका सकारात्मक प्रभाव अब सड़कों पर देखने को मिल रहा है।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने, सड़क किनारे संकेतक स्थापित करने तथा गड्ढों को भरने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए तथा मार्च 2026 तक सभी गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। आगामी होली पर्व को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव जांच, हेलमेट जांच एवं वाहन जांच अभियान चलाने को कहा। ब्रेथ एनालाइज़र मशीन का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
ड्रिंक एंड ड्राइव में पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित सभी विद्यालयों की बसें निर्धारित मानकों के अनुरूप पीले रंग की हों तथा उनमें जीपीएस सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित हो। शहरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव एवं जाम की समस्या को देखते हुए समुचित यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य “जीरो एक्सीडेंट” है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!