

बलौदाबाजार,
06 अप्रैल 2026। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सुबह ग्राम हथबंद और रिंगनी के बीच रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। यह दर्दनाक घटना खंबा नंबर 781/5 के पास सामने आई, जहां स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रेन से कटकर मौत (रनओवर) का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
मृतका की पहचान के लिए आसपास के ग्राम पंचायतों के सरपंचों और कोटवारों की मदद ली जा रही है। साथ ही क्षेत्र में मुनादी करवाई जा रही है ताकि जल्द से जल्द मृत महिला की पहचान हो सके और परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।





