

चांद प्रखंड के पूर्व प्रमुख के बड़े भाई का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
बीयूरी गांव निवासी गुलाब सिंह के आकस्मिक निधन से राजनीतिक व सामाजिक हलकों में शोक
कैमूर (चांद), 28 अप्रैल 2026:
कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत बीयूरी गांव निवासी एवं प्रखंड के पूर्व प्रमुख परिवार से जुड़े वरिष्ठ सदस्य गुलाब सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित आसपास के इलाकों में मातमी सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।
गुलाब सिंह एक प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली परिवार से संबंध रखते थे, जिनका चांद प्रखंड की राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उनके परिवार का स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य पर गहरा प्रभाव रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय कमला सिंह लंबे समय तक प्रखंड प्रमुख के पद पर रहे, जबकि उनके बाद उनकी चाची गंगोत्री देवी ने भी प्रखंड प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
परिवार की राजनीतिक सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुलाब सिंह के दोनों पुत्र—सर्वेश सिंह उर्फ बड़कू सिंह तथा अभिषेक सिंह उर्फ छोटकु सिंह—बारी-बारी से पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित होते रहे हैं। वर्तमान में उनके छोटे भाई रामा सिंह पंचायत के मुखिया के रूप में कार्यरत हैं, वहीं एक अन्य भाई गोबिंद सिंह पैक्स अध्यक्ष के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। सिरहिरा पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्य—घनश्याम सिंह, राधेश्याम सिंह, कृष्णानंद सिंह, महंत सिंह, अंकल जी सहित गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
गुलाब सिंह के निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे चांद प्रखंड ने एक सम्मानित एवं सक्रिय सामाजिक व्यक्ति को खो दिया है। उनका निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)






