

डीडवाना-कुचामन, जिले में राज्य सरकार द्वारा जनभावना के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं, समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के लिये जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन गुरुवार को जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में किया गया। जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
माह के तीसरे गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने आमजन की विभिन्न जनसमस्याओं यथा पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण हटाने, नल कनेक्शन दिलाने,खाद्य सुरक्षा में नाम जोड़ने, विद्युत कनेक्शन जारी कराने, फसल बीमा का लाभ दिलाने, रास्ता खुलाने,भूमि का नामांतरण कराने सहित कुल 55 परिवादों की सुनवाई कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को परिवादों का शीघ्र निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना ने जिला सतर्कता समिति में दर्ज 23 प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को आमजन से जुड़ी समस्याओं का नियमित रूप से निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीना, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल तथा चिकित्सा, कृषि, पशुपालन,पंचायतीराज सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे एवं सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।






