A2Z सभी खबर सभी जिले कीमध्यप्रदेश

उपवास की तपस्या कर कुमारी समृद्धि ने बढ़ाया धर्म-प्रभावना का गौरव

IMG 20260803 WA0061

11 उपवास की तपस्या कर कुमारी समृद्धि ने बढ़ाया धर्म-प्रभावना का गौरव

तपस्या की अनुमोदना के लिए आज श्री नेमिनाथ किला मंदिर में आयोजन, पन्यास प्रवर यशोजित विजयजी म.सा. के मंगल प्रवचन होंगे

 

आष्टा। तप, त्याग और संयम की साधना जैन धर्म की महान परंपरा का आधार है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संतोष साधना देशलहरा की पौत्री एवं पीयूष सोनम की बिटिया कुमारी समृद्धि ने 11 उपवास की कठिन तपस्या पूर्ण कर आत्मसाधना और धर्म के प्रति अपनी दृढ़ आस्था का परिचय दिया है। उनकी इस प्रेरणादायी तपस्या की अनुमोदना के लिए मंगलवार 4 अगस्त 2026 को श्री नेमिनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर किला में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

श्री नेमीनाथ प्रभु की छत्रछाया एवं मालव गिरनार तीर्थ में चातुर्मासार्थ विराजित पूज्य पन्यास प्रवर यशोजित विजयजी म.सा. आदि ठाणा एवं पूज्य साध्वीवर्या श्री वैराग्यश्रेया श्रीजी म.सा. आदि ठाणा के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाजजन तपस्विनी की अनुमोदना मंगलवार को करेंगे।

तपस्या आत्मशुद्धि और आत्मबल का मार्ग

कुमारी समृद्धि की 11 उपवास की तपस्या केवल उपवास तक सीमित नहीं, बल्कि यह संयम, संकल्प, आत्मनियंत्रण और आध्यात्मिक साधना का प्रेरक उदाहरण है। आज की युवा पीढ़ी जब भौतिक आकर्षणों के बीच आगे बढ़ रही है, ऐसे समय में एक बालिका द्वारा इतनी कठिन तपस्या का संकल्प लेकर उसे पूर्ण करना समाज के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी है। इसके पूर्व समृद्धि बीते वर्षों में आठ और नौ उपवास की कठिन तपस्या कर चुकी है।

तपस्या के माध्यम से साधक अपनी इच्छाओं और इंद्रियों पर नियंत्रण का अभ्यास करता है। यह आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ जीवन में त्याग, धैर्य और अनुशासन के संस्कार भी विकसित करती है। कुमारी समृद्धि ने अपनी तपस्या के माध्यम से यही संदेश दिया है कि दृढ़ संकल्प और गुरुजनों के आशीर्वाद से कठिन से कठिन साधना भी पूर्ण की जा सकती है।

4 अगस्त को होंगे विविध धार्मिक आयोजन

तपस्या की अनुमोदना के लिए 4 अगस्त, मंगलवार को श्री किला मंदिरजी आष्टा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रातः 9 से 10 बजे तक पूज्य महाराजश्री के मंगल प्रवचन, प्रातः 10 बजे प्रत्याख्यान, प्रातः 10 से 11 बजे तक नवकारसी तथा दोपहर 2 बजे से महिलाओं की चौबीसी का आयोजन होगा।

देशलहरा परिवार ने समाजजनों से इस धार्मिक आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर कुमारी समृद्धि की तपस्या की अनुमोदना करने का आग्रह किया है।

परिवार ने दी तपस्या के लिए प्रेरणा

कुमारी समृद्धि सुपुत्री श्रीमती साधना संतोष कुमार देशलहरा एवं पीयूष सोनम देशलहरा की पुत्री हैं। परिवारजनों ने तपस्या के इस पावन अवसर को धर्मलाभ का अवसर बताते हुए समाज के सभी श्रावक-श्राविकाओं को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

तपस्या की अनुमोदना में समाज की सहभागिता निश्चित रूप से तपस्विनी के आत्मबल को बढ़ाएगी और अन्य श्रावक-श्राविकाओं को भी तप, त्याग, संयम और धर्म साधना के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!