
ऑपरेशन गरुड़व्यूह में आर.के. पुरम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो 143 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद
दो सप्ताह में लगातार सातवीं बड़ी कार्रवाई, पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार
कोटा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन गरुड़व्यूह’ के तहत कोटा शहर की आर.के. पुरम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 143 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी 27 वर्षीय आरोपी कृष्ण सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह आर.के. पुरम थाना पुलिस की दो सप्ताह में लगातार सातवीं बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्विनी गौतम ने बताया कि विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा शहर सुभाष मिश्रा एवं वृत्ताधिकारी वृत्त चतुर्थ मनीष शर्मा के सुपरविजन तथा आर.के. पुरम थाना प्रभारी महेंद्र कुमार माली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
ट्रॉली बैग लेकर आ रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त 2026 को अपराध रोकथाम, सुरक्षा व्यवस्था और मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान शिवज्योति कॉन्वेंट स्कूल के आगे, रावतभाटा रोड, रथकांकरा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी बीच बोराबास-रावतभाटा रोड की ओर से एक व्यक्ति ट्रॉली बैग घसीटते हुए आता दिखाई दिया।
पुलिस की नाकाबंदी देखकर संदिग्ध व्यक्ति घबरा गया और वापस मुड़कर तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगा। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे रोक लिया और पूछताछ के बाद तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 किलो 143 ग्राम शुद्ध वजन अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी कृष्ण सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान थाना अनंतपुरा, कोटा शहर के बाबूलाल उनि को सौंपा गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में अनुसंधान जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तथा मुख्य सप्लायरों की तलाश की जा रही है।
पंजाब का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण सिंह पुत्र जसपाल सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी गुरुनानक नगर, गोनियाना मंडी, पोस्ट गोनियाना मंडी, थाना ननियावाला, जिला भटिंडा, पंजाब के रूप में हुई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार माली, सहायक उप निरीक्षक रईश मोहम्मद, हेड कांस्टेबल लादूलाल, कांस्टेबल राहुल कुमार, नरेंद्र कुमार, कमल किशोर एवं बुधाराम शामिल रहे। विशेष भूमिका कांस्टेबल मोहितराज की रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन गरुड़व्यूह’ के तहत आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





