

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * जनपद पंचायत पलेरा की ग्राम जरूआ स्थित गौशाला के संबंध में उपसंचालक पशुपालन डॉ आरके जैन के निरीक्षण उपरांत प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रोत्रिय ने जरूआ गौशाला के संचालन से जुड़े स्व-सहायता समूह को निलंबित करने तथा समूह के दो माह के भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए हैं। कलेक्टर श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि गौशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। गौवंश के समुचित संरक्षण, चारा-पानी, स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि गौशालाओं का संचालन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्रभावी ढंग से हो। उन्होंने जिले के समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को जिले में संचालित सभी गौशालाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और जहां भी कमियां सामने आएं, उन्हें तत्काल दूर कराया जाए।
श्रोत्रिय ने स्पष्ट किया कि गौशालाओं के संचालन में जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तथा गौवंश के संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





