
पीलीभीत। पूरनपुर में पिछले चार दिन पहले घर से जाने के बाद लापता हुए वृद्ध का शव बुधवार को घुंघचाई क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई ब्रांच नहर में उतराता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रसादपुर निवासी इंद्रजीत ने बताया कि उसके पिता कालीचरण (66) पुत्र श्याम लाल 20 जुलाई को किसी काम से घर से निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पूरनपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को घुंघचाई क्षेत्र के डूडा कॉलोनी संख्या आठ के पास हरदोई ब्रांच नहर में राहगीरों ने शव को उतराता देखा। सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी विशेष कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया।
इंद्रजीत व राजपाल ने शव की शिनाख्त पिता कालीचरण के रूप में की। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।





