
भिलाई। देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई 29 सितंबर, रविवार को अपराह्न 4 बजे क्वांर नवरात्रि में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रण रैली निकालेगी। रैली में शामिल देवांगन समाज के लोग बाजे-गाजे के साथ हाथों में झंडे लेकर माता परमेश्वरी की जयकारा लगाते हुए प्रगति नगर एवं आशीष नगर की गलियों में घर घर जाकर नवरात्रि का आमंत्रण पत्र देंगे। रैली का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन करेंगे। उन्होंने बताया कि परमेश्वरी मंदिर प्रगति नगर में नवरात्रि की शुरुआत प्रतिपदा के दिन 3 अक्टूबर को प्रातः 10.30 बजे मां परमेश्वरी की विधिवत पूजा के बाद मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित करके किया जाएगा। 7 अक्टूबर को पंचमी के दिन माता का विशेष श्रृंगार कर संध्या समय गंगा आरती के तर्ज पर विशेष सामूहिक आरती, 10 अक्टूबर को अष्टमी की विशेष पूजा एवं 11 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे हवन एवं आरती के पश्चात विशाल भोग भंडारा का आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि में प्रतिदिन परमेश्वरी मंदिर में संध्या समय जस गीत, भजन एवं भक्ति संगीत का आयोजन होगा एवं भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्रतिदिन संध्या 7.30 बजे से परमेश्वरी भवन प्रगति नगर रिसाली में गरबा का भी आयोजन होगा ।





