
सीकर. ब्लॉक प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह के तहत धनलक्ष्मी केंद्र पिपराली पंचायत समिति में ग्राम साथिनों के बीच वृहद स्तर पर बेटी जन्मोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस प्रत्येक वर्ष 11 अक्टूबर को आयोजित किया जाता है, अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लड़कियों के अधिकारों को बढ़ावा देना और उन्हें सशक्त बनाना है साथ ही उनके सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर कर उनका समाधान करना है। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने लड़के और लड़कियों में किसी भी प्रकार का भेदभाव ना करें उन्हें समान प्यार शिक्षा एवं सुरक्षा दे। समाज में महिलाओं के प्रति मानसिकता में परिवर्तन आना शुरू हुआ है साथ ही महिलाओं के प्रति सामाजिक कुरुतियों में परिवर्तन लाना बेहद जरूरी है इसके लिए आवश्यक है कि महिलाएं स्वयं भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहे कार्यक्रम के दौरान इंदिरा महिला शक्ति केंद्र से परामर्शदाता रिचा पारीक, राजेश कुमारी, जेंडर स्पेशलिस्ट प्रकाश चंद भी उपस्थित रहे तथा पर्यवेक्षक सुनीता चौधरी ने बताया कि समय—समय पर विभाग द्वारा गतिविधियों का आयोजन किया जाता है जिससे कि महिलाओं और बालिकाओं मे सकारात्मक सोच प्रभावी होगी। कार्यक्रम के दौरान एकल बालिकाओं पर नसबंदी करवाकर समाज को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का प्रभावी संदेश देने वाली माता का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता के दौरान प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।










