
सागर। वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज संवाददाता सुशील द्विवेदी। दीनदयाल अंत्योदय योजना अंतर्गत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की स्व सहायता समूह सरकार की एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल है, जो समाज के विभिन्न तबकों, खासकर महिलाओं, को सशक्त बनाने में मदद करती है। यह समूह महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक दृष्टि से समर्थ बनाता है। इन समूहों की सफलता की कई प्रेरणादायक कहानियाँ हैं, जो यह साबित करती हैं कि अगर महिलाओं को सही अवसर मिले तो वे समाज में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती हैं।
इसी कड़ी में अपने जीवन में बदलाव करने वाली महिलाओं में एक और नाम है श्रीमती शांति दांगी का। सागर जिले के खुरई निवासी श्रीमती शांति दांगी ने स्व. सहायता समूह से जुड़कर अपने आप को समाज में एक सफल महिला के रूप में साबित किया है। शांति दांगी बताती है कि समूह से जुड़ने से पहले वे खेत में सब्जी उगाने की खेती करती थी जिसके उन का घर का गुजर बसर ही चल पाता था। परन्तु समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने समूह की मदद और जानकारी लेकर खेती में तकनीकि का प्रयोग करना प्रारंभ किया, तकनीकि प्रयोग से खेती करने पर उनकी आमदानी 4 गुना हो गई। उस आय का उपयोग करते हुए उन्होंने घर पर ही एक आटा चक्की लगवाई और आटा पीसकर उसके पैकेट बनाती और उनकी बिक्री करती है। वर्तमान में उनके पास आय के डबल साधन हो गये है। जिसमें उनके पति और बच्चे भी मदद करते है।











