
यूरिया का स्टॉक खत्म सी एम हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत
बांदा । रबी फसल में बोआई के लिए पहले किसान एक-एक बोरी डीएपी के लिए तरसता रहा। अब जब किसी तरह फसल बो गई। यूरिया की जरूरत पड़ी तो मंडल मुख्यालय के सरकारी व प्राइवेट दुकानों से यूरिया गायब है। ग्राम गुरेह के मईयादीन मिश्रा, अरबई के रामचंद्र सिंह, बिसंडा के विशंभर सिंह, बड़ोखरखुर्द के राकेश द्विवेदी आदि ने सहकारी केंद्रों व प्राइवेट दुकानों में पहुंचकर यूरिया खरीदने को कई चक्कर लगाए। लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इस पर किसान गेट खुला होने पर तहसील पहुंच गए। एसडीएम कार्यालय व तहसीलदार कार्यालय के बाहर खाद उपलब्धता की सूची में दर्ज दुकानों में फोन लगाकर यूरिया की जानकारी ली। चस्पा सूची में दुकानदारों को फोन करने पर स्टॉक न होने की जानकारी मिली। किसान विशंभर सिंह ने बताया कि उन्होंने समस्या निदान के लिए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करायी है। एसडीएम सदर ने बताया कि 30 दिसंबर की शाम तक एक रैक आनी है। संभवत: मंगलवार को केंद्रों में यूरिया पहुंच जाएगी।











