

नरैनी, बांदा।कोटा पर राशन लेने गई किशोरी को कोटेदार ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बहाने कमरे के अंदर ले जाकर अश्लील हरकत करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर उसका मुंह दबा लिया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटी पीड़िता घर पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी की मां के मुताबिक, सोमवार सुबह नौ बजे उसकी 12 वर्षीय बेटी कोटेदार के यहां राशन लेने गई थी। कोटेदार ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बहाने बेटी को कमरे के अंदर ले गया, जहां उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। बेटी के शोर मचाने पर आरोपी कोटेदार ने बलपूर्वक उसका मुंह दबा दिया। रुपये का लालच देने लगा। बेटी ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और बाहर को भागी। रोते हुए घर आकर आरोपी की हरकत बताई। बेटी को लेकर थाना पहुंची और मामले की तहरीर दी। थानाध्यक्ष कालिंजर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी विनोद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।






