
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सवार युवती गंभीर रूप से घायल

कुशीनगर / हाटा, नेशनल हाईवे-28 स्थित भड़कुलवा चौराहे पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक और युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान अखिलेश यादव (20) पुत्र सुधीर यादव निवासी वार्ड नंबर-14, लोहिया नगर, करमहा उग्रसेन, नगर पालिका परिषद हाटा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गांव की एक युवती के साथ आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने कसया की ओर जा रहा था। इसी दौरान भड़कुलवा चौराहे पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि युवक उछलकर सड़क किनारे नाली में जा गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, युवती घायलावस्था में काफी देर तक कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। स्थानीय लोगों ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से घायल को सीएचसी हाटा पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची हाटा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, अखिलेश कुछ दिन पहले ही बाहर से घर लौटा था। उसके पिता बाहर फर्नीचर का काम करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
[yop_poll id="10"]






