खाने-पीने के सामान में नशीला पदार्थ मिलाकर सामूहिक दुष्कर्म
बस्ती: खाने-पीने के सामान में नशीला पदार्थ मिलाकर सामूहिक दुष्कर्म
बस्ती। जिला महिला अस्पताल में सफाईकर्मी की नौकरी लगवाने का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज किया है। दुबौलिया थानाक्षेत्र की पीड़िता ने न्यायालय में दिए तहरीर में बताया कि दो जुलाई 2023 को आरोपी उसके घर पहुंचे। वह पहले से परिचित थे। उन लोगों ने झांसा दिया कि जिला महिला चिकित्सालय बस्ती में सफाई कर्मी के पद पर आपकी नौकरी लगवा देंगे। रहने के लिए सरकारी आवास भी दिया जाएगा।
पीड़िता के मुताबिक उन्होंने नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। पीड़िता के अनुसार उसने खुश होकर नौकरी करने के लिए अपना जेवरात बेचकर और पास में रखे रुपये इकट्ठा करके 80 हजार नगद एवं फोटो, आधार कार्ड इत्यादि कागजात उन्हें दे दिए।
हस्ताक्षर बनाने एवं पूछताछ करने के लिए आरोपी प्रदीप वर्मा अपनी गाड़ी से अन्य लोगों के पास एक मकान के अंदर ले गए। बात-चीत के दौरान खाने-पीने के सामान में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया।
अगले दिन सुबह उसे गांव के पास ले जाकर ज्वाइनिंग जल्द करवाने की बात कही। नौकरी न लगने पर शिकायत की तो वे धमकी देने लगे। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली।
एसएचओ राना डीपी सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी राम नवल वर्मा, प्रदीप वर्मा, अरुन वर्मा निवासी इटवाराजा थाना पैकोलिया और सूर्य प्रकाश यादव निवासी-वार्ड नं. 14 चंद्र शेखर आजाद नगर बभनान, थाना-गौर पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

















