
✍️अजीत मिश्रा ✍️
बढ़नी सिद्धार्थनगर
रूबी हेल्थकेयर, बढनी में महिला के ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही – पेट में कैची छोड़ने का आरोप, महिला की जान खतरे में
बढ़नी (सिद्धार्थनगर):
जनपद सिद्धार्थनगर के बढनी कस्बे स्थित रूबी हेल्थकेयर में एक महिला के प्रसव के दौरान गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में तैनात कथित चिकित्सक डॉ. हफीजुर्रहमान द्वारा महिला को यह कहकर नार्मल डिलीवरी से मना कर दिया गया कि सिजेरियन ऑपरेशन ही एकमात्र उपाय है। इसके बाद ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान कैची छोड़ दी गई थी। वर्तमान में पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉ. हफीजुर्रहमान कोई योग्य सर्जन नहीं हैं और कई निजी अस्पतालों में ऐसे ऑपरेशन करते रहे हैं। क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है – पूर्व में भी इस तरह की लापरवाहियाँ सामने आती रही हैं, मगर जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।जनता का यह भी कहना है कि जिले में दर्जनों की संख्या में ऐसे मिस्त्री चिकित्सक मौजूद हैं जो बिना उचित डिग्री और प्रशिक्षण के ऑपरेशन कर रहे हैं। निजी अस्पताल संचालक पैसों के लालच में ऐसे फर्जी चिकित्सकों को सुविधा देते हैं, जिससे गरीब और अनजान मरीजों की जान खतरे में पड़ रही है।
मांग की जा रही है कि: स्वास्थ्य विभाग तत्काल जांच टीम गठित कर दोषियों केखिलाफ सख्त कार्रवाई करे।््रूबी हेल्थकेयर और संबंधित चिकित्सकों की वैधता की जांच की जाए।जिले में चल रहे अन्य फर्जी डॉक्टरों पर भी शिकंजा कसा जाए।
इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देखना यह होगा कि अब जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।










