

हरदोई जिले के मंझिला थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में गुरुवार को एक घर से 5000 रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। अज्ञात चोरों ने इस वारदात को संदिग्ध परिस्थितियों में अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सरिता यादव (स्वर्गीय दयाराम की पुत्री) ने बताया कि सुबह उन्हें अपनी नाक की बाली गायब मिली। शुरुआती खोजबीन के बाद जब बाली नहीं मिली और उन्होंने घर के अन्य सामन की जांच की, तो उन्हें चोरी का पता चला। घर में रखे 5000 रुपये नकद और संदूक में रखे कीमती जेवरात गायब मिले।
सरिता यादव ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार, जिस सफाई से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी हुए माल को बरामद करने की मांग की है।










