

हरिद्वार। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में थाना बहादराबाद पुलिस ने चैकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। आरोपी का एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध नशे की खेप लेकर आ रहा है। सूचना पर बहादराबाद थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम को चैकिंग के दौरान नहर पटरी बहादराबाद के पास दो संदिग्ध लोग आते दिखे। पुलिस के रोकने पर दोनों लोग भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनमें से एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। आरोपी के पास से 21 किलो 560 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि गांजा उसके साथी सूरज निवासी भानियावाला ने उसे दिया था। पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोविन्दा पुत्र कशमीरा नाथ निवासी हरिपुर कला (आनन्दोश्वाश्रम), थाना रायवाला जनपद देहरादून के रूप में हुई। आरोपी का एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया है।




