
कानपुर दक्षिण में बीजेपी सरकार द्वारा बनकर तैयार खड़ा 100 बेड का अस्पताल अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इसी के विरोध में आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, लेकिन प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प देखने को मिली.
कानपुर दक्षिण की जनता को बेहतर इलाज का सपना दिखाकर बनाया गया यह 100 बेड का अस्पताल आज खुद ‘बीमार’ हालत में सफेद हाथी बना खड़ा है। अस्पताल की इमारत तैयार है, लेकिन इसे जनता के लिए नहीं खोला गया। इसी से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार को जगाने के लिए ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ का आयोजन किया।
हंगामा तब बढ़ गया जब सपाइयों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जबरन यज्ञ रुकवाया और बर्बरता की। कार्यकर्ताओं का गंभीर आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हवन सामग्री में लात मारी, जिससे धार्मिक भावनाएं भी आहत हुईं। सपा पार्षद अर्पित यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक अस्पताल की चाबी जनता को नहीं सौंपी जाती, उनका आंदोलन थमेगा नहीं.
“यह सरकार पूरी तरह से कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। करोड़ों की लागत से अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन दक्षिण की जनता आज भी इलाज के लिए भटक रही है। जब हम शांतिपूर्ण तरीके से सद्बुद्धि यज्ञ कर रहे थे, तो पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर न सिर्फ हमारे साथ बदसलूकी की, बल्कि पवित्र हवन कुंड में लात मारकर आस्था का भी अपमान किया। पुलिस की यह लाठी और बर्बरता हमें डरा नहीं सकती। जब तक यह अस्पताल चालू नहीं होगा, हम सरकार को जगाने का काम जारी रखेंगे.
कानपुर से अनूप कुमार निषाद की रिपोर्ट




