
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार, 18 फरवरी 2026। मदरसा अरबिया दारुल उलूम रशीदिया (ईदगाह रोड, ज्वालापुर) में पवित्र रमज़ानुल मुबारक के महीने में इबादत का खूबसूरत और रूहानी माहौल बना हुआ है। मदरसा प्रशासन की ओर से बताया गया है कि ईशा की नमाज़ का वक्त रात 8:15 बजे निर्धारित किया गया है।
मदरसे में रोज़ाना तरावीह की नमाज़ अदा की जा रही है, जिसमें बड़ी तादाद में लोग शरीक हो रहे हैं। खास बात यह है कि तरावीह के दौरान मुकम्मल कुरआन शरीफ सिर्फ 10 दिनों में पूरा किया जाएगा। इससे क्षेत्र में दीन की रौशनी और बढ़ेगी तथा रोज़ेदारों को ज्यादा सवाब हासिल करने का मौका मिलेगा।
मदरसे के जिम्मेदार मौलाना मोहम्मद आरिफ ने कहा कि रमज़ान रहमत, बरकत और मग़फिरत का महीना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में नमाज़ और तरावीह में शामिल होकर इबादत करें तथा मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ करें।
उन्होंने यह भी बताया कि मदरसा हमेशा से तालीम और अख़लाक की तरबियत का अहम केंद्र रहा है, जहां बच्चों को दीन के साथ-साथ अच्छे इंसान बनने की सीख दी जाती है। रमज़ान के दौरान नमाज़ियों की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
इलाके के लोगों ने मदरसे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि 10 दिन में कुरआन मुकम्मल होना बड़ी नेमत है और इससे ज्वालापुर क्षेत्र में रूहानी माहौल और मजबूत होगा।
रमज़ान के इस मुबारक मौके पर मदरसा प्रशासन ने तमाम रोज़ेदारों से वक्त की पाबंदी के साथ नमाज़ अदा करने और दुआओं में अपने शहर व देश को याद रखने की अपील की है।






