
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड धार ,9425179527
18 फरवरी 2026। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के धार जिले के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, ब्लैक बेल्ट धारक, समाजसेवी एवं आत्मरक्षा विशेषज्ञ डॉ. विशाल कैलाश दामके को मार्शल आर्ट्स, सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन आर्मी ऑफिसर कम्युनिटी द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री नरेंद्र कुमार जैन, विशिष्ट अतिथि के रूप में कैप्टन रमेश चंद्र त्रिपाठी (वायु सेना अधिकारी) तथा कम्युनिटी लीडर श्री सी. के. सक्सेना उपस्थित रहे।इस अवसर पर धार के उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी (आईपीएस) द्वारा डॉ. विशाल दामके को सम्मान प्राप्त होने पर शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम के प्रेजिडेंट डायरेक्टर श्री कमल चौधरी ने बताया कि इस सम्मान समारोह में देशभर से 100 प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट, वीरतापूर्ण एवं सराहनीय कार्य किए हैं। कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के अधिकारियों द्वारा डॉ. विशाल दामके को संस्था का सदस्य भी नियुक्त किया गया।उल्लेखनीय है कि डॉ. विशाल दामके वर्तमान में खेल एवं युवा कल्याण विभाग में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने मार्शल आर्ट्स को केवल खेल या प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए समाज की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं अनुशासन से जोड़ते हुए विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क एवं रियायती आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किए हैं।इसी के साथ ही उनके द्वारा नशा मुक्ति अभियान, पुलिस प्रशासन के सहयोग से “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान, गौशाला एवं रोटी बैंक संस्थाओं को सहयोग तथा रक्तदान शिविरों के आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है। डॉ. विशाल दामके को प्राप्त यह सम्मान जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।




