
प्रेस विज्ञप्ति
19 फरवरी 2026
बोधगया में जीविका बैंक मित्रों का रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित
बोधगया स्थित होटल महामाया में जीविका बैंक मित्रों का दो दिवसीय आवासीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें गया जिले के नौ प्रखंडों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बैंक मित्रों को उनके दायित्वों के प्रति पुनः जागरूक करना एवं उन्हें व्यवहारिक रूप से दक्ष बनाना है।
जीविका बैंक मित्र स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएँ हैं, जो बैंकों एवं जीविका के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करते हुए महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सेवाओं से जोड़ती हैं। वे बैंकिंग सेवाओं को सुलभ बनाकर वित्तीय समावेशन और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही हैं।
प्रशिक्षण के दौरान बैंक मित्रों को बैंक और समुदाय के बीच सेतु की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ग्रामीण महिलाओं एवं समूहों को बचत खाता खोलने, ऋण प्राप्त करने, बीमा एवं अन्य वित्तीय सेवाओं से जोड़ने हेतु प्रेरित करने का मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी देने, बचत की आदत विकसित करने तथा डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया गया।
बैंक मित्रों को यह भी समझाया गया कि वे जीविका समूहों को सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करें, ताकि महिलाएँ छोटे व्यवसाय, पशुपालन, खेती एवं अन्य आजीविका गतिविधियाँ प्रारंभ कर सकें। प्रशिक्षण में ऋण की समय पर अदायगी सुनिश्चित करने तथा समूहों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि बिहार के जीविका समूहों का पुनर्भुगतान दर 99 प्रतिशत से अधिक है, जो उनकी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए ब्रजेश कुमार, प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त), जीविका गया ने बताया कि बैंक मित्र ग्रामीण महिलाओं के लिए बैंकिंग सेवाओं के द्वार खोलती हैं, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाती हैं तथा गाँवों में वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम बैच का प्रशिक्षण 19 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अतरी, बांके बाजार, डोभी, आमस, बेलागंज, फतेहपुर, चंदौती, बोधगया एवं बाराचट्टी प्रखंडों की बैंक मित्र भाग ले रही हैं। द्वितीय बैच का आयोजन 23 से 24 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
दोनों बैचों के लिए नोडल के रूप में क्षेत्रीय समन्वयक मीना कुमारी एवं अमरेश कुमार प्रशिक्षण में सहयोग कर रहे हैं।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़






