

शासन की योजना के अंतर्गत नगर के कोतवाली मार्ग पर स्थायी हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीन के बाद लोनिवि ने हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
शासन ने जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर स्थायी हेलीपैड निर्माण कराने का फैसला लिया था। लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नजीबाबाद तहसील स्तर पर कोतवाली मार्ग पर साहू जैन कॉलेज से लगभग एक किलोमीटर के फासले पर स्थायी हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार संतोष कुमार यादव के निर्देश पर ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ ने मौजा आरफपुर खजूरी की गाटा संख्या 141 की 0977 भूमि का प्रस्ताव हेलीपैड के लिए पास किया। प्रशासन द्वारा भूमि के प्रस्ताव के बाद लोनिवि ने नजीबाबाद-कोतवाली हाईवे पर स्थित भूमि को हेलीपैड के दिए भूमि उपयुक्त माना। लोनिवि के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार सारस्वत और एई मुकेश चंद की ओर स्थाई हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
एई ने बताया प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही हेलीपैड निर्माण शुरू कराया जाएगा। उधर ब्लॉक किरतपुर में स्थायी हेलीपैड के लिए भूमि तलाश की जा रही है।
ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ की करीब 12 बीघा जिस भूमि पर स्थायी हेलीपैड बनेगा उसे ग्राम प्रधान नंदिनी राजपूत ने वर्ष 2018 में कब्जा मुक्त कराया था। हेलीपैड निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के साथ लोनिवि ने निर्माण कार्य का बजट तैयार किया है। हाईवे पर स्थित भूमि का लगभग दो मीटर मिट्टी का भरान, बाउंड्री वॉल सहित निर्माण कार्य पर करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि हेलीपैड निर्माण पर खर्च होगी।








