समस्या का समाधान कराएंगे, घर जाने का किराया भी देंगे : मुख्यमंत्री जनता दर्शन में एक महिला की गुहार पर बोले सीएम योगी
200 लोगों की समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री ने, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
कब्जामुक्त कराएं जमीन, दबंगों को दिखाएं सबक : मुख्यमंत्री
गोरखपुर
बुद्धेश मणि पाण्डेय जिला प्रभारी।
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज
‘चिंता मत करिए। आपकी समस्या का समाधान कराएंगे और यहां से वापस घर जाने का किराया भी देंगे।’ संवेदना के पुट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले इस आत्मीय संबल ने जमीनी विवाद की समस्या लेकर जनता दर्शन में आई महिला कृतज्ञता के भाव में करबद्ध हो गई।
हुआ यूं कि गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने जमीनी विवाद से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री को बताई। इस पर सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश देते हुए महिला को भरोसा दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का यह आश्वासन सुनते ही महिला ने भारी मन से एक और पीड़ा बता दी। कहा कि घर वापस जाने के लिए किराया नहीं है। महिला की यह बात सुन सीएम योगी ने कहा, परेशान मत होइए, घर जाने का किराया भी मिल जाएगा। इतना कहते ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से महिला को किराए की रकम देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के इस भावपूर्ण व्यवहार पर महिला करबद्ध होकर कृतज्ञता जताने लगी।