






बिलारी में हादसे के बाद जमा लोग – फोटो : संवादःरिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे बाइक सवार परिवार को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला और डेढ़ साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति व तीन वर्षीय बेटा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक को पकड़ने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम आलियाबाद निवासी मोहम्मद यूनुस अपनी पत्नी तबस्सुम, डेढ़ वर्षीय बेटे मोहम्मद शाद और तीन वर्षीय बेटे जिकरान के साथ रिश्तेदार की शादी में शिरकत करने के लिए बाइक से रामपुर दोराहा जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह सिरसवा दौराहा के पास पहुंचे ही थे कि तेज गति से आ रहे डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तबस्सुम और मासूम शाद की मौके पर ही मौत हो गई। मोहम्मद यूनुस और उनका बड़ा बेटा जिकरान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
रामपुर दौराहा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया और चालक को भी पकड़ लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही हैः



