उत्तर प्रदेशबस्ती

विकास भवन के सभी मंजिलों तक दिव्यांगों, बुजुर्गाे का पहुंचना होगा आसान

बस्ती यूपी

।।विकास भवन के सभी मंजिलों तक दिव्यांगों, बुजुर्गाे का पहुंचना होगा आसान, 24 लाख खर्च कर लगेगा लिफ्ट।।

✍️अजीत मिश्रा(खोजी)✍️

बस्ती। विकास भवन के सभी मंजिलों तक दिव्यांगों, बुजुर्गाे का पहुंचना आसान हो जाएगा। अपने काम से विकास भवन आने वाले दिव्यांगों और बुजुर्गो को सीढ़ियां चढ़ने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा 24 लाख रूपए व्यय कर लिफ्ट लगवाने का काम शुरू किया जाएगा।

योजना परवान चढ़ने से जल्द ही विकास भवन की सीढ़ियां इतिहास बन जाएंगी। विकास भवन की चारो मंजिलों तक पहुंचने के लिए अब स्वचालित सीढ़ियों (लिफ्ट) का इंतजाम किया जाएगा। इससे विकास भवन में अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले फरियादियों के अलावा अधिकारियों, कर्मचारियों का कार्यालयों में पहुंचना आसान हो जाएगा। सबसे बड़ी सुविधा बुजुर्ग व दिव्यांगों को मिलेगी, जिससे उन्हें अब परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

बता दें कि विकास भवन का निर्माण हुए करीब तीन दशक बीत चुके हैं। चार मंजिला इस भवन में कुल 37 विभागों के कार्यालय स्थापित हैं। जहां करीब चार से पांच सौ अधिकारी व कर्मचारी रोजाना सीढ़ियों के सहारे कार्यालय में पहुंचते हैं। वहीं हजारों आवेदक व फरियादी भी रोजाना आकर अपनी समस्याओं का निस्तारण करवाते हैं। जबकि सीढ़ियों को चढ़ने में ही वह बेदम हो जाते हैं। विकास भवन के निर्माण के समय ही यहां लिफ्ट लगाने के लिए जगह निर्धारित कर दिया गया था। बावजूद इसके लिफ्ट नहीं लग पाई थी। पिछले दिनों एक बैठक में हिस्सा लेने आए डीएम रवीश कुमार गुप्ता ने इसे देखते हुए तत्कालीन सीडीओ जयदेव सीएस को लिफ्ट लगवाने का निर्देश दिया था। डीएम व सीडीओ ने इसके लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता अंकुर वर्मा को लिफ्ट लगाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। सहायक अभियंता अंशुल पटेल के अनुसार लिफ्ट के लिए लगभग 24 लाख रुपए व्यय किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही काम चालू कर दिया जाएगा।

अधिशासी अभियंता(आरईडी) इं. अंकुर वर्मा ने बताया कि विकास भवन में लिफ्ट लगाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इस लिफ्ट पर एक साथ 544 किलोग्राम की क्षमता के आठ लोग सवार हो सकेंगे। इसकी व्यवस्था बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!