
ग्राम करहरा के विद्यालय में स्पेस लैब और पुस्तकालय का लोकार्पण, बोले मंत्री—बचपन की स्मृतियां जुड़ी हैं इस स्कूल से
कम्पोजिट परिषदीय विद्यालय, ग्राम करहरा (विकास खंड अरांव) में बने स्पेस लैब और पुस्तकालय का लोकार्पण रविवार को उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर मंत्री जी के साथ जिलाधिकारी रमेश रंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, बीएसए आशीष पाण्डेय समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि इस विद्यालय से उनका गहरा जुड़ाव है क्योंकि यहीं से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व के निर्माण में इस विद्यालय का विशेष योगदान रहा है।
मंत्री ने कहा कि आज विद्यालय में जो बदलाव आया है, वह सराहनीय है। यहां स्थापित पुस्तकालय और स्पेस लैब से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साधन मिलेंगे और उन्हें ज्ञान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस पहल के लिए जिलाधिकारी की विशेष सराहना की।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जिले की 300 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों का निर्माण हो चुका है, जो युवाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें प्रेरित किया और कहा कि जीवन में ऊंचा बनने के लिए केवल कठोर परिश्रम ही एकमात्र विकल्प है।
इस मौके पर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्पेस और साइंस लैब्स के ज़रिए बच्चों की नवोन्मेष क्षमता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और खड़ंजों के साथ अब पुस्तकालयों का निर्माण भी ज़रूरी है ताकि युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ सके।








