
निराला नगर स्थित पराग डेयरी प्लांट में एक बार फिर से दूध वितरण और उससे जुड़े उत्पादों का उत्पादन दोबारा शुरू हो सकता है। संभावना है कि इसी हफ्ते से काम शुरू हो सकता है। पराग का प्लांट नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड यानी एनडीडीबी संचालित करेगा।
निराला नगर स्थित पराग डेयरी परिसर में 12 अप्रैल 2016 को आधुनिक प्लांट का शिलान्यास हुआ था। वर्ष 2020 में करीब 166 करोड़ की लागत से दो लाख लीटर दूध और दो लाख लीटर पाउडर बनाने की क्षमता का प्लांट बनकर तैयार हो गया था, लेकिन कर्मचारियों से लेकर विभिन्न विभागों की करीब 26 करोड़ रुपये की देनदारी की वजह से आधुनिक प्लांट चालू नहीं हो पा रहा था।
22 अगस्त 2023 को प्रदेश सरकार ने गोरखपुर, कानपुर, नोएडा, प्रयागराज, आजमगढ़ व मुरादाबाद स्थित पराग प्लांट को 10 साल के लिए लीज पर देने की स्वीकृति दी थी। अक्टूबर 2023 में निजी क्षेत्र के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। मदर डेयरी और सुधा समेत कंपनियां आगे आईं, पर पराग पर देनदारी ज्यादा होने पर कदम पीछे हटा लिए। इसके बाद शासन से पराग प्लांट को नेशनल डेयरी द्वारा संचालित करने का फैसला लिया गया।