
फ़िरोज़ाबाद: शिकोहाबाद से आ रही रोडवेज बस ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
फ़िरोज़ाबाद।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के जाटवपुरी चौराहे के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिकोहाबाद से आगरा की ओर जा रही रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना करीब शाम 5 बजे की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना रसूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पहचान रियाजुद्दीन निवासी रामगढ़ रोड, फ़िरोज़ाबाद के रूप में हुई है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए चौराहे पर ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है, साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।










