
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी तथा नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया ललित कश्यप के मार्गदर्शन में थाना मकरोनिया पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को बरामद कर चोरी की वारदात में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। दिनांक 11 जुलाई 2026 को फरियादी संजय गिरी पिता महेन्द्र गिरी गोस्वामी, उम्र 46 वर्ष, निवासी श्रीराम दरबार के सामने, प्रभाकर नगर, मकरोनिया, सागर द्वारा थाना मकरोनिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली, जो ब्रिज के नीचे राम मंदिर के पास खड़ा था, अज्ञात चोर द्वारा दिनांक 09-10 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात चोरी कर लिया गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मकरोनिया में अपराध क्रमांक 251/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस कंट्रोल रूम सागर एवं साइबर सेल सागर की तकनीकी सहायता लेकर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया गया तथा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखते हुए संभावित स्थानों पर घेराबंदी की गई। लगातार की गई मेहनत, तकनीकी विश्लेषण एवं सटीक पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप 15 जुलाई 2026 को चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया गया तथा पुष्पेन्द्र पिता प्रतिपाल राजपूत, उम्र 31 वर्ष, निवासी पुरानी बाजार, मालथौन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा युद्धस्तर पर जारी है तथा शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल, उप निरीक्षक राजेश शर्मा, उप निरीक्षक आरकेएस चौहान कंट्रोल रूम,प्रधान आरक्षक 995 करनेलियस, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक 262 सचित, 1364 शुभम एवं 1469 अरबिंद की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आमजन से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।








