
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/मंगलौर,11/07/2026। हरिद्वार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं नशा तस्कर सलमान निवासी मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ PIT-NDPS Act के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी। कार्रवाई के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीआईयू रुड़की के सहयोग से लगातार संभावित ठिकानों और रिश्तेदारियों पर तलाश की। इसी क्रम में 9 जुलाई 2026 को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







