
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना सरसीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग 7 मामलों में कुल 117 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी शराब तथा शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है ताकि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।सरसीवा पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 117 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं अन्य शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि जिले को अपराध एवं नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।









