A2Z सभी खबर सभी जिले की

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं स्पष्ट हुआ चार वर्षीय मासूम की मौत का कारण, विसरा सुरक्षित; आरोपी दादी से पूछताछ जारी

2 / 100 SEO Score

IMG 20260711 161156

गाजीपुर/भांवरकोल। भांवरकोल थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ी खास में चार वर्षीय मासूम सिद्धार्थ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके बाद डॉक्टरों ने मृतक का विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को घर के बाहर खेलते समय लापता हुए चार वर्षीय सिद्धार्थ का क्षत-विक्षत शव 9 जुलाई को उसके घर से लगभग 20–25 मीटर दूर चरी के खेत में मिला था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के शरीर पर किसी गंभीर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विसरा जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
इस मामले में नामजद आरोपी दादी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है और घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस सीडीआर सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी दादी ने अपने पति पर भी संदेह जताने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।
उधर, बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे की मां की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर चिकित्सकीय उपचार दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और एफएसएल रिपोर्ट सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News District Head Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!