महाराजगंज 4 जुलाई। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री से भेंट कर नगर पंचायत घुघली की एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि घुघली नगर पंचायत में वर्षों पहले ओवर हेड टैंक का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आज तक नागरिकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मयस्सर नहीं हो पाई है। विधायक ने कहा कि सरकार ने करोड़ों रुपये की लागत से ओवर हेड टैंक का निर्माण कराकर नागरिकों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने का जो सपना देखा था, वह अधूरा रह गया है। टैंक तो है, लेकिन जल सप्लाई की व्यवस्था ठप पड़ी है। इसके कारण आम जनता हैंडपंप या निजी बोरिंग के सहारे निर्भर रहने को मजबूर है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि इस मामले में शीघ्र कार्यवाही कर टैंक से जुड़ी जलापूर्ति प्रणाली को दुरुस्त किया जाए। साथ ही नगर पंचायत में पाइपलाइन विस्तार, मोटर पंप स्थापना, और फिल्ट्रेशन यूनिट लगाने जैसे कार्य प्राथमिकता पर हों।
मंत्री जी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस समस्या का निराकरण कराएंगे। इस अवसर पर संजीव शुक्ला साथ रहे।