

बंदे भारत लाइव टीवी न्यूज
लखनऊ:आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. सुमन प्रसाद मौर्य का सेवानिवृत्त होने के पश्चात अपने पैतृक गांव मल्हनी (जौनपुर) आगमन पर पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया।
30 जून 2025 को अधिवर्षता पूर्ण कर 62 वर्ष की आयु में विश्वविद्यालय सेवा से सेवानिवृत्त हुईं प्रो. सुमन मौर्य को उनके पहले गांव आगमन पर फूल-मालाओं, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत मिला। ग्रामीणों व परिवारजनों ने उन्हें तिलक कर आरती उतारी और मिठाइयां बांटीं।
प्रोफेसर सुमन मौर्य ने सन् 1987 से 2025 तक 37 वर्षों तक आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रमुख शैक्षणिक व प्रशासनिक पदों पर कार्य किया। वे डीन होम साइंस, डीन पीजीएस, विभागाध्यक्ष, सांस्कृतिक अध्यक्ष, हॉस्टल वार्डन और शिक्षा नीति समिति की सदस्य जैसे अहम पदों पर रहीं। उन्होंने 20 पीजी और 2 पीएचडी छात्रों का मार्गदर्शन किया, जिनमें से कई आज देश-विदेश में प्रोफेसर, वैज्ञानिक, विशेषज्ञ, अध्यापक एवं प्रमुख सेविकाओं के रूप में कार्यरत हैं।
प्रो. मौर्य के नाम 45 शोध पत्र, 20 पुस्तकें/मैनुअल व 50 तकनीकी लेख प्रकाशित हैं। उन्हें यूजीसी व आईसीएआर फेलोशिप समेत 15 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हुए हैं। वे 14 अकादमिक संस्थाओं की सदस्य भी हैं।
प्रो. सुमन मौर्य कृषि एवं ग्रामीण विकास के लिए समर्पित प्रसार्ड ट्रस्ट मल्हनी, देवरिया की मुख्य ट्रस्टी भी हैं। उन्होंने ट्रस्ट भवन का निर्माण कराया है और अपने पति प्रो. रवि प्रकाश मौर्य के साथ मिलकर ग्रामीण, महिला एवं बाल विकास, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने की योजना बनाई है।
महुआवारी मेला स्थित ट्रस्ट भवन पहुंचने पर स्थानीय लोगों व महिलाओं ने पारंपरिक ढंग से आरती उतार कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में श्रीमती सुमन अध्यापिका, तेतरी देवी, सीमा सिंह, आरती देवी, सुरेश कुशवाहा, डॉ. विकास मौर्य, मेजर मोहन यादव, ई. पुरुषोत्तम, चन्द्र प्रकाश, विनय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वंदे भारत लाइव टीवी के लिए — संवाद 📍मल्हनी/लखनऊ






