
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ 🌐
मंडला MP हेमंत नायक महाराजपुर
भवाल क्षेत्र के ग्राम चटरा डुंगरिया में मनाया गया शहीद रेवत सिंह उइके जी का बलिदान दिवस, ग्रामवासियों ने मनाया गौरव दिवस
भवाल क्षेत्र के ग्राम चटरा डुंगरिया में 15 जुलाई 2025** को शहीद रेवत सिंह उइके जी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। शहीद रेवत सिंह उइके, जो रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के वीर जवान थे, 15 जुलाई 2009 को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम चटरा डुंगरिया के समस्त ग्रामवासियों तथा भारतीय आम नागरिक देश संघर्ष युवा संगठन के युवाओं द्वारा इस दिन को गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद रेवत सिंह उइके जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात राष्ट्रीय गान गाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।
- विचार मंच पर रखे गए प्रेरणादायक विचार
ग्राम पंचायत के सरपंच हेमराज पंद्रों ने ‘रेवत भैया विचार मंच’ से संबोधित करते हुए समाज को नशा मुक्ति की ओर जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीदों की कुर्बानी को व्यर्थ न जाने दें और समाज को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
- समाजसेवी **दुर्गेश सिंगरोंरे** ने भावुक होकर कहा कि –
आज का दिन मेरे जीवन का एक ऐतिहासिक दिन है। जब रेवत भैया शहीद हुए थे, तब पूरा गाँव शोक में डूब गया था। और आज, जब हम उनका बलिदान स्मरण कर रहे हैं, तो मुझे गर्व है कि गाँव के लोग उनके योगदान को नहीं भूले। मैं कुछ समय तक षड्यंत्र और ओछी राजनीति के चलते कार्यक्रम से दूर रहा, लेकिन मेरा और मेरे परिवार का गाँव के लोगों के साथ जो प्रेम है, वह अटूट है। मेरी आने वाली नस्लें भी इस गौरव दिवस में सहभागी बनेंगी।”
उन्होंने गाँव को नशा मुक्त बनाने की बात भी पंचों और बुजुर्गों से की, और सुझाव दिया कि अगले वर्ष रेवत भैया की स्मृति में रेवत महुआ वन की स्थापना की जाएगी, जिससे गाँव का आर्थिक उत्थान भी हो सके।
- वृक्षारोपण कर दी शहीद को हरियाली भरी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर भारतीय आम नागरिक देश संघर्ष युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर अशोक का पेड़ लगाकर हरियाली के माध्यम से शहीद को नमन किया। सभी ने यह संकल्प लिया कि अगले वर्ष रेवत महुआ वन विकसित किया जाएगा, जो शहीद के नाम पर एक स्मृति वन के रूप में जाना जाएगा।
कार्यक्रम में संगठन के कार्यकर्ता रमेश, जयसिंह, सुखसेन, सुब्बे लाल, बीरेंद्र सहित अनेक युवा उपस्थित रहे।
- शहीद के परिजन भी हुए शामिल
इस आयोजन में शहीद रेवत सिंह उइके जी की माता समलो बाई, बहन बसंती उइके सहित गाँव के सम्मानित पंच और मुकद्दमगण – अकल सिंह, बाबू लाल, हरिचंद्र तेकाम, फागराम उइके, फूलचंद्र वरकड़े, रूपसिंह मलथरिया, सूमरत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम चटरा डुंगरिया ने यह सिद्ध किया कि वीर शहीदों की कुर्बानी को याद रखना और उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। शहीद रेवत सिंह उइके की स्मृति में यह गौरव दिवस हर वर्ष नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आता रहेगा।



