द्रोण एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न
सीतेश चौधरी, दरभंगा।
दरभंगा जिला के केवटी प्रखण्ड के पिण्डारूच गांव स्थित द्रोण एकेडमी प्रांगण में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत गाते हुए पूरे क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
मुख्य कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे प्रारंभ हुआ। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुनील झा ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद पूरे प्रांगण में राष्ट्रगान की गूंज और देशभक्ति नारों से वातावरण प्रफुल्लित हो उठा। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर आजादी के वीर शहीदों को याद किया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने। गीत, भाषण और नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। हिंदी भाषण में अपर्णा कुमारी, अंग्रेजी भाषण में कृष्णदेव आजाद और नृत्य में आकाश कुमार को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्णदेव आजाद ने किया।
इस मौके पर छात्रा अन्नू कुमारी का जन्मदिन भी मनाया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से केक काटा गया और उपहार देकर उसे शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
👉 यह आयोजन न सिर्फ शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी मजबूती प्रदान करता दिखा।




